मथुरा। कलेक्ट्रेट परिसर में दो दिन पूर्व प्रशासन द्वारा अधिवक्ताओं के दो सौ से अधिक चेंबर तोड़े जाने से नाराज बार एसो. ने शुक्रवार 19 दिसम्बर तक हड़ताल का एलान किया है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने हड़ताल को आगामी तीन दिनों के लिए बढ़ाने की घोषणा की है। हड़ताल को आगे जारी रखने अथवा समाप्त करने का निर्णय शुक्रवार को लिया जाएगा। बार अध्यक्ष श्री शर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी से हुई वार्ता के बाद प्रशासन ने अधिवक्ताओं की आधी मांगें मान ली हैं जबकि शेष मांगों पर भी शीघ्र सहमति बनने की प्रबल संभावना है। उल्लेखनीय है कि शनिवार व रविवार की रात प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना के कलेक्ट्रेट स्थित अधिवक्ताओं के दो सौ से अधिक चेंबरों को ध्वस्त कर दिया था इससे आक्रोशित अधिवक्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और आगरा-मथुरा मार्ग को जाम कर दिया था।