राष्ट्रपति के मथुरा आगमन का मिनट टू मिनट प्रोग्राम जारी

वृन्दावन के मंदिरों में करेंगी दर्शन और गोवर्धन में करेंगी परिक्रमा

मथुरा/वृन्दावन। भारत की राष्ट्रपति 19 मार्च से 21 मार्च 2026 तक जनपद मथुरा के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे वृन्दावन के प्रमुख मंदिरों के दर्शन, संतों से मुलाकात और गोवर्धन की परिक्रमा भी करेंगी। जिला प्रशासन ने इस हाई-प्रोफाइल यात्रा के लिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं की विस्तृत योजना तैयार की है।

प्रथम दिन: 19 मार्च 2026 (गुरुवार) आगमन: राष्ट्रपति अपराह्न 4:50 बजे आगरा एयरपोर्ट से वायुसेना के हेलीकॉप्टर (IAF Mi17) द्वारा मथुरा कैंट स्थित आर्मी एरिया हेलीपैड पर पहुंचेंगी। शाम 5:25 बजे वे होटल रेडिसन, वृन्दावन पहुंचेंगी, जहाँ उनका रात्रि विश्राम होगा। इसी दिन शाम 6:30 से 7:00 बजे तक इस्कॉन मंदिर में प्रभुपाद समाधि दर्शन, श्री श्री कृष्ण बलराम आरती और गौ-पूजा में सम्मिलित होंगी। शाम 7:10 से 7:35 बजे तक प्रेम मंदिर में दर्शन और आरती का कार्यक्रम रहेगा।

द्वितीय दिन: 20 मार्च 2026 (शुक्रवार) सुबह 7:30 से 8:00 बजे तक प्रेमानंद महाराज (श्री हित राधा केलि कुंज आश्रम) से भेंट करेंगी। सुबह 11:10 से 11:30 बजे तक बाबा नीब करोरी के समाधि स्थल और हनुमान मंदिर के दर्शन करेंगी। पूर्वान्ह 11:50 से दोपहर 12:10 बजे तक उड़िया बाबा आश्रम में दर्शन और पुष्पांजलि अर्पित करेंगी। दोपहर 12:35 बजे रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में ‘नंद किशोर सोमानी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक’ का उद्घाटन और जनसभा को संबोधित करेंगी। शाम 5:20 से 5:50 बजे तक वात्सल्य ग्राम का भ्रमण, साध्वी ऋतंभरा जी से भेंट और महिला सैन्य स्कूल की छात्राओं से संवाद करेंगी

तृतीय दिन: 21 मार्च 2026 (शनिवार) सुबह 8:45 बजे गोवर्धन के दानघाटी मंदिर पहुंचकर दर्शन और आरती करेंगी। सुबह 9:00 से 10:30 बजे तक गोल्फ कार्ट के माध्यम से 21 किलोमीटर की गोवर्धन परिक्रमा करेंगी। सुबह 11:00 बजे गोवर्धन स्थित हेलीपैड से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी। जिला मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश सिंह ने संबंधित विभागों को सड़कों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था, बिजली की निर्बाध आपूर्ति और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। पूरे रूट पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा और चिकित्सा आपात स्थिति के लिए ‘ओ-पॉजिटिव’ रक्त और आईसीयू युक्त एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है।