यूपी में लेखपालों का बड़ा ऐलान: मांगों एवं समस्याओं के निराकरण न होने पर 22 नवंबर से शुरू होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन

मथुरा । उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने पिछले कई वर्षों से लंबित संवर्ग मांगों एवं समस्याओं के निराकरण न होने पर प्रदेश-व्यापी आन्दोलन को विस्तार देने की घोषणा की है। संघ का कहना है कि बीते 6 वर्षों में उन्होंने किसी प्रकार का आन्दोलन नहीं किया और अपने विभागीय कार्यों के साथ-साथ विभिन्न महत्त्वपूर्ण सरकारी योजनाओं को सफल बनाने में सहयोग किया, इसके बावजूद उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया। संघ के अनुसार 05 अक्टूबर 2025 को हुई प्रान्तीय बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रम में 13 अक्टूबर एवं 27 अक्टूबर 2025 को शासन को पत्र भेजकर समस्याओं के समाधान का अनुरोध किया गया था। इसके बाद 01 नवम्बर 2025 को प्रदेश की सभी तहसीलों में तहसील समाधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया तथा 15 नवम्बर से आन्दोलन की सूचना दी गई।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत 15 नवम्बर को प्रदेश की सभी तहसीलों में प्रातः 10 से दोपहर 2 बजे तक शांतिपूर्ण धरना दिया गया। जिला अध्यक्ष शैलेश अग्रवाल का कहना है कि वे लगातार पत्राचार, वार्ताओं और कार्यवृत्तों के माध्यम से समाधान का अनुरोध करते रहे, लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया। शैलेश अग्रवाल ने बताया कि 2016, 2017, 2018, 2019 और 2024 में शासन एवं परिषद स्तर पर बनी सहमतियों और संस्तुतियों पर भी कार्यवाही नहीं हुई। 13 अक्टूबर 2025 एवं 05 अप्रैल 2024 को भी विस्तृत मांग पत्र प्रस्तुत किए गए, परंतु उन पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया। इसी क्रम में 20 नवम्बर 2025 को प्रदेश पदाधिकारियों की सर्वोच्च समिति की बैठक में आन्दोलन को विस्तार देने का निर्णय लिया गया।

उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के प्रदेश महामंत्री विनोद कुमार कश्यप ने बताया कि आज से समस्त लेखपाल काली पट्टी बांधकर कार्यालय पहुंचे और समाधान दिवस में भाग लिया।  उन्होंने बताया 8 दिसंबर को तहसीलों पर सभी लेखपाल अपने-अपने क्षेत्र के विधायक एवं मंत्रियों को ज्ञापन सौंपेंगे तथा 13 दिसंबर को तहसील में आयोजित समाधान दिवस में काली पट्टी पहनकर भाग लेंगे तो वही 20 दिसंबर को सुबह 10:00 बजे से शाम को 4:00 बजे तक सभी तहसीलों पर धरना देकर वहां मौजूद उप जिलाधिकारी को के नाम का ज्ञापन सौपेंगे।27 दिसंबर को भी प्रदेश भर में सभी लेखपाल काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे।30 दिसंबर को सुबह से शाम तक तहसीलों में धरना प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।6 जनवरी को प्रदेश राजधानी लखनऊ में सभी जिलों से पहुंचे हुए लेखपाल संघ के कार्यकर्ता राजस्व परिषद कार्यालय में धरना देंगे