बिलासपुर में मेमू ट्रेन और मालगाड़ी की भयानक टक्कर , चार की मौत

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में यात्री ट्रेन और मालगाड़ी के बीच मंगलवार को हुई टक्कर से चार लोगों की मौत हो गई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना शाम करीब चार बजे हुई। अधिकारियों ने बताया की मेमू ट्रेन ने पीछे से मालगाड़ी को टक्कर मारी। हादसे में कई लोग घायल हैं। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मेमू ट्रेन कोरबा जिले के गेवरा से बिलासपुर जा रही थी। इसी दौरान मेमू ने मालगाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। बिलासपुर के जिलाधिकारी संजय अग्रवाल ने बताया कि घायलों को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादस में घायल एक व्यक्ति की हालत गंभीर है।

टक्कर इतनी तेज थी कि यात्री ट्रेन का कोच मालगाड़ी पर चढ़ गया। रेलवे ने हादसे में मारे गए लोगों के परिवारीजनों को दस लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल यात्रियों को पांच लाख और तथा सामान्य रूप से घायल यात्रियों को एक लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। रेल हादसे के बाद दक्षिण पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। अधिकारियों की एक टीम राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रही है। हेल्पलाइन नंबर जारी बिलासपुर – 7777857335, 7869953330 चांपा – 8085956528 रायगढ़ – 9752485600 पेंड्रा रोड – 8294730162 कोरबा – 7869953330 उसलापुर- 7777857338