दिवाली पर खुलेगा शेयर बाजार, मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान 1 घंटा होगा कारोबार

नई दिल्ली । नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने सोमवार को कहा कि वह दिवाली के त्योहार पर मंगलवार, 21 अक्टूबर को एक विशेष मुहूर्त कारोबार सत्र आयोजित करेगा। यह प्रतीकात्मक कारोबार सत्र दोपहर 1:45 बजे से 2:45 बजे के बीच आयोजित किया जाएगा। पिछले साल, विशेष मुहूर्त कारोबार सत्र शाम छह बजे से सात बजे तक आयोजित किया गया था। दिवाली के दिन बाजार नियमित कारोबार के लिए बंद रहेगा, लेकिन एक घंटे के लिए एक विशेष कारोबार होगा। एनएसई ने कहा कि बाजार खुलने से पहले का सत्र दोपहर 1:30 बजे से 1:45 बजे तक चलेगा। यह नया सत्र एक नए संवत (विक्रम संवत 2082) का भी प्रतीक है, जो दिवाली से शुरू होता है। ऐसा माना जाता है कि ‘मुहूर्त’ या शुभ समय के दौरान कारोबार करने से हितधारकों के लिए समृद्धि और वित्तीय वृद्धि होती है।