मथुरा के छुपे हुए पौराणिक मंदिरो की होगी कायापलट, डीएम-एसएसपी सहित जिले के डेढ़ दर्जन अधिकारी पहुंचे श्री कुब्जा कृष्ण मंदिर
मथुरा। पंचकोसीय परिक्रमा मार्ग स्थित अम्बाखार नाले की पुलिया के समीप पौराणिक बने जीर्ण शीर्ण श्री कुब्जा कृष्ण मंदिर की काया पलट होने वाली है। शुक्रवार को जिला अधिकारी सीपी सिंह एसएसपी श्लोक कुमार एमवीडीए के उपाध्यक्ष एस बी सिंह मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीणा एडीएम वित्त पंकज वर्मा सचिव एमवीडीए अरविंद द्विवेदी सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार एसपी सिटी राजीव कुमार एसडीएम सदर जॉइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह अनिल कुमार सीओ सिटी आसना चौधरी दलबल के साथ मंदिर पहुंचे। मंदिर के सेवायत आशीष चतुर्वेदी एडवोकेट ने अधिकारियों को बताया कि यह मंदिर कृष्ण कालीन समय का है यहां पर प्रभु श्री कृष्ण के साथ कुब्जा देवी की प्रतिमा विराजमान है। कुब्जा देवी वह हैं जिनको कूबड़ था। कृष्ण जी ने मुलाकात के दौरान उनके अंगूठे से अपने पैर के अंगूठे को स्पर्श करके उनकी ठोड़ी पकड़ी और ऊपर की ओर उठा दिया। प्रभु के इतना मात्र करते ही कुब्जा विकार मुक्त होकर अद्वितीय सुंदरी के रूप में परिवर्तित हो गई।
मंदिर की मान्यता है कि यहां दर्शन मात्र से कूबड़ और स्किन की समस्या समाप्त हो जाती है। दर्शन उपरांत जिलाधिकारी ने समूचे मंदिर प्रांगण का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम और एमबीडीए के अधिकारियों को निर्देश दिए की जर्जर मंदिर का सौन्दर्यीकरण के साथ-साथ प्रकाश, पेयजल व्यवस्था एवं अंबाखार नाले पर व्यू कटर की बेरिकेटिंग कर दी जाए। अधिकारियों की काफिले को देखकर महानगर की स्लम बस्ती कहीं जाने वाली अंतापाड़ा के निवासी भौंचक्के रह गए। बाद में जब लोगों को पता चला कि अधिकारियों का दल कुब्जा कृष्ण मंदिर देखने आया है तो उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जाहिर की अब मंदिर के साथ-साथ क्षेत्र की भी काया पलट हो जाएगी। क्षेत्रीय पार्षद विकास दिवाकर ने बताया कि मंदिर पर बड़ी संख्या में दर्शनार्थी आते हैं सुविधा संपन्न होने से उनको काफी सहूलियत होगी।
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इच्छा है की बृज क्षेत्र के ऐतिहासिक पौराणिक महत्व वाले छिपे हुए मंदिरों की कायापलट प्राथमिकता के साथ कराई जाए ताकि मथुरा वृंदावन में बड़ी मात्रा में दर्शनार्थी आकर पुण्य लाभ कमा सके। इसी कड़ी में कुब्जा कृष्ण मंदिर का निरीक्षण किया गया है। सूत्रों का कहना है कि 25 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू वृंदावन आ रही है। समझा जाता है कि वह इस कृष्ण कुब्जा मंदिर के दर्शन के लिए आ सकती हैं।