वृंदावन। बाढ़ पीड़ितों से बुधवार को सांसद हेमा मालिनी ने भेंट कर उनकी परेशानियों को समझा। इस दौरान उन्होंने अपने हाथों से राहत केंद्र में मौजूद लोगों को भोजन भरोसा। सांसद मालिनी आज जिलाधिकारी सीपी सिंह के साथ सर्वप्रथम बाढ़ राहत केंद्र गुरुकुल संस्कृत विश्वविद्यालय पहुंची। वहां उन्होंने अलग-अलग प्रभावित लोगों से बातचीत की और उनको भोजन प्रसादी खिलाई। उन्होंने संकट की घड़ी में देर से आने के सवाल पर बताया कि जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों के लगातार संपर्क में रही। खादर क्षेत्र में घरों के निर्माण को उन्होंने गलत ठहराते हुए कहा कि वह इस बारे में दिशा की कल होने वाली बैठक में अधिकारियों से चर्चा करेंगी। अधिकारियों ने बहुत ही प्रशंसनीय कार्य किया है। भ्रमण के दौरान सांसद ने एक महिला की गोद से अबोध वालक को लेकर खूब लाड़ लड़ाया। लक्ष्मी गार्डन मैरिज होम में सांसद ने पीड़ित लोगों से कोई असुविधा के बारे में पूछा तो सभी ने खुले दिल से तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें जिला प्रशासन ने खाने पिने सोने की उत्तम व्यवस्था कराई है। वृंदावन के सुबती देवी इंटर कॉलेज में भी उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से हाल-चाल जाने। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने सांसद को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।
बाढ़ राहत शिविर बिड़ला मंदिर धर्मशाला में सांसद ने सभी बाढ़ प्रभावितों से राधे राधे बुलवाया तो एक बाढ़ प्राभावित बच्चे को दुलार किया। सांसद ने अधिकतर महिलाओं से हाथ भी मिलवाया जो कि भजन गा रही थीं। सांसद ने डीएम सीपी सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज वर्मा, आईएएस एसडीएम अभिनव ए जैन और पार्षद/कैबिनेट सदस्य राकेश भाटिया के साथ बच्चों को चॉकलेट, बिस्कुट, केला वितरित किए। करीब 20 मिनट तक बाढ़ पीड़ितों के साथ समय बिताते हुए सांसद ने सभी का हाल जाना। सभी को आश्वस्त किया कि हर संभव मदद की जाएगी। इसके बाद सांसद यहां अगले बाढ़ राहत शिविर की तरफ चली गईं। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, भानु आदि मौजूद रहे।