बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुँचे नगर आयुक्त, राहत केंद्रों की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

बाढ़ प्रभावित परिवारों से संवाद कर जाना हालचाल, पीड़ित परिवारों की सुरक्षा व सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता

मथुरा। यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण मथुरा-वृंदावन के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति को लेकर बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं का नगर आयुक्त जग प्रवेश द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने मथुरा के बाढ़ प्रभावित स्थलों तथा राहत केंद्रों का दौरा कर स्थिति का गहन जायजा लिया।

नगर आयुक्त ने सबसे पहले लक्ष्मी गार्डन, औरंगाबाद गोकुल बैराज के पास स्थापित राहत केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविरों में रह रहे परिवारों से संवाद कर उनका हालचाल जाना तथा भोजन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता जैसी आवश्यक सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके अतिरिक्त उन्होंने वार्ड संख्या 29, कोयला अलीपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का भी निरीक्षण कर वहाँ की स्थिति देखी और प्रभावित परिवारों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यकता अनुसार बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल बाढ़ राहत केंद्रों तक पहुँचाया जाए तथा जो लोग घरों में रह रहे हैं उनके लिए भोजन एवं शुद्ध पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि राहत केंद्रों एवं प्रभावित क्षेत्रों में एंटी-लार्वा स्प्रे और फॉगिंग का कार्य नियमित रूप से कराया जाए एवं निरंतर रूप से समुचित सफाई व्यवस्था रखी जाए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को मार्गों पर फैली झाड़ियों की कटाई व सफाई कराने तथा शौचालयों की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए ।

इसके पश्चात नगर आयुक्त ने काशीराम कॉलोनी स्थित बी.बी.आर. स्कूल राहत केंद्र का भी स्थलीय निरीक्षण किया और वहाँ की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक सुविधाएँ समय पर उपलब्ध कराई जाएँ।

नगर आयुक्त ने कहा कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुविधा सर्वोपरि है और इस संबंध में नगर निगम पूरी तत्परता एवं गंभीरता से कार्य कर रहा है। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त श्रीमती कल्पना सिंह चौहान, एसडीएम सदर अभिनव जैन नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोपाल बाबू गर्ग एवं आदि कर्मचारी उपस्थित रहे।