मूसलाधार बारिश से सहमे ब्रजवासी , कोसी में मंदिर की गुंबद पर गिरी बिजली

कोसी (मथुरा)। राधा रानी के जन्मोत्सव पर कान्हा की नगरी में रविवार सुबह से सुहावने मौसम के बीच हुई तेज वर्षा श्रद्वालुओं ने जमकर आंनद लिया। वहीं कोसीकलां क्षेत्र में बिजली गिरने से एक मंदिर की प्राचीर में दरार आ गई जबकि दो घरों में बिजली के उपकरण फुंक गए। इसके अलावा फरह के गांव पींगरी में एक किसान की भैंस के ऊपर अचानक बिजली गिरने से मौत हो गयी। शहर से लेकर देहात तक मूसलाधार वर्षा के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वर्षा से उमस से जरूर राहत मिली है लेकिन जगह जगह जलभराव ने परेशानी बढ़ा दी। शनिवार देर रात करीब ढाई बजे आरम्भ हुई तेज बारिश समूचे मथुरा में हुई।
रविवार सुबह से हुई मूसलाधार वर्षा के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया। कोसीकलां क्षेत्र में यमुना किनारे स्थित गांव मझोई में बिजली गिरने से मंदिर की गुंबद क्षतिग्रस्त हो गई। पूरी गुंबद में दरार आ गई। वहीं छाता के अहूरी गांव में भी बिजली गिरने से एक मकान में इन्वर्टर और बैटरी फट गई। मकान स्वामी संजय ने बताया कि साढ़े तीन बजे परिजन सो रहे थे तभी अचानक वर्षा के बीच तेज धमाका हुआ। परिवार के लोग जाग गए घर में रखा बैटरी और इन्वर्टर फट गया। सुबह से शुरू हुई वर्षा सांय तक रुक रुक कर जारी रही ।