वृंदावन में निगम ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान, वसूला 20 हजार रु. का जुर्माना

मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा महानगर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने हेतु नियमित अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को वृंदावन में अपर नगर आयुक्त चंद्र प्रकाश पाठक के नेतृत्व में नगर निगम की टीम द्वारा छटीकरा से प्रेम मंदिर होते हुए रमन रेती पुलिस चौकी तक अतिक्रमण विरोधी अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर रखे गए सामान कुर्सियाँ, स्टॉल, बोर्ड, बैनर, ढकेल आदि को हटाकर समान जब्त किया गया और मार्ग फुटपाथ को खाली कराया गया। साथ ही प्रतिबंधित पॉलीथिन तथा अतिक्रमण के विरुद्ध ₹ 20 हजार रु. का जुर्माना वसूला गया। निगम टीम द्वारा संबंधित व्यक्तियों को कड़ी चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण करने पर उनके विरुद्ध और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त जग प्रवेश के अनुसार नगर निगम का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नगर निगम अपील करता है कि अपना सामान निर्धारित परिसीमन के भीतर ही रखें एवं मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करें ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। अभियान के दौरान सफाई निरीक्षक सुभाष चंद्र एवं नगर निगम की ईटीएफ टीम साथ में रही।