बाढ़ ग्रस्त इलाकों में डीएम का तीसरे दिन भी दौरा जारी, भिखारी से हाथ जोड़कर संवाद का वीडियो पूरे देश में हो रहा है तेजी से वायरल

मथुरा। जनपद के बाढ़ ग्रस्त इलाकों में आम नागरिकों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सीपी सिंह द्वारा लगातार 3 दिन से दल बल के साथ भ्रमण किया जा रहा है। बुधवार को जिला अधिकारी ने मांट तहसील के कई गांव में दौरा किया और वहां के स्थानीय नागरिकों खासकर बुजुर्ग महिलाएं, किशोरियों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। मंगलवार को भी उन्होंने वृंदावन नगर के तटीय क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं को जाना और उनके निदान के आदेश दिए। जिलाधिकारी का एक बुजुर्ग भिखारी से हाथ जोड़कर भीख ना मांगने के अनुरोध का संवाद इस समय सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से ट्रेंड कर रहा है। बुजुर्ग व्यक्ति से उसके सामने हाथ जोड़कर जमीन पर जिला अधिकारी का बैठना सभी को बहुत भाया है। बृजवासियों का कहना है कि बहुत समय बाद आम जनता की समस्याओं का निराकरण करने वाला कोई जिला अधिकारी मथुरा में आया है।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने आज यमुना जी के बढ़ते जलस्तर के दृष्टिगत तहसील मांट के नौहझील क्षेत्रांतर्गत ग्राम अड्डा फिरोजपुर बंगार का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने गांव वालों से समस्याओं के बारे में जानकारी ली और आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन आपके साथ खड़ा है और आप लोगों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। सारी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। विधायक मांट राजेश चौधरी ने भी ग्राम वालों से वार्ता की और उनके अनुरोध पर गांव को जोड़ने वाली दो सड़कों की घोषणा की और कहा कि जल्दी ही सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी के आस-पास वाले गांवों में निरंतर अनाउंसमेंट करते रहे। जिलाधिकारी ने बैरियर एवं बैरीकेडिंग करने के निर्देश दिए तथा नियमित दूरी में चेतावनी के साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के अधिकारियों द्वारा निरंतर भ्रमणशील रहकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने जलभराव के क्षेत्रों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मांट रितु सिरोही को क्षतिग्रस्त मकानों एवं जलभराव वाले खेतों का सर्वे ससमय पूर्ण कराने के निर्देश दिए। सर्वे के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी को नियम अनुसार मुआवजा दिया जाए। कोई भी छूटना नहीं चाहिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करे। सभी राहत कैंपों में 24 घंटे ड्यूटी लगाई जाए।
निरीक्षण में उप जिलाधिकारी के अलावा तहसीलदार ब्रजेश कुमार, नायब तहसीलदार राकेश कुमार सहित ग्राम प्रधान, सचिव, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।