मथुरा। 79वाँ स्वतंत्रता दिवस नगर निगम मथुरा-वृंदावन में बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रातः 8 बजे महापौर विनोद अग्रवाल एवं नगर आयुक्त जग प्रवेश द्वारा ध्वजारोहण किया गया। महापौर ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर निगम कर्मचारी महेशचंद ‘काजू’, भगवान सिंह एवं सेवानिवृत्त हरि किशन शर्मा ने अपने विचार व्यक्त किए। पार्षद श्रीमती रेनू चौधरी, देवेंद्र एवं गुलशन ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान पर प्रकाश डाला।
हजारीमल सोमानी इंटर स्कूल एवं सेंट पॉल विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा समूह नृत्य प्रस्तुत किए गए। कु. तनु, कु. प्रियंका एवं कु. गरिमा ने भाषण और नृत्य प्रस्तुत किए। सभी प्रतिभागियों को महापौर एवं नगर आयुक्त द्वारा पुरस्कृत किया गया। कवि चंद्र प्रकाश ने देशभक्ति कविताओं से उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की सेवा में वीरगति प्राप्त शहीदों की पत्नियों श्रीमती मिथिलेश (पत्नी शहीद सोदान सिंह), श्रीमती मंजू (पत्नी शहीद विनोद कुमार), श्रीमती राजकुमारी (पत्नी शहीद धर्मपाल), श्रीमती कृष्णा देवी (पत्नी शहीद गिरिजेश सिंह) एवं श्रीमती विजय देवी (पत्नी शहीद चंद्रवीर सिंह) को सम्मानित किया गया।
वार्डों में सफाई व्यवस्था में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राहुल, हरि सिंह, लेखराज, जॉनी, मंगतू एवं जगमोहन को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त जग प्रवेश ने नगर की सेवा में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी के महापर्व पर हम सभी को अपने सामर्थ्य अनुसार श्रद्धालुओं के स्वागत व स्वच्छता में योगदान देना चाहिए ताकि श्रद्धालु यहाँ से सुखद अनुभव लेकर जाएँ।
महापौर विनोद अग्रवाल ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों को नमन करते हुए वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए पूर्ण सेवाभाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 2024-25 के स्वच्छ सर्वेक्षण में नगर निगम मथुरा-वृंदावन की देश में 11वीं रैंक, वॉटर प्लस प्रमाणन और जीएफसी में 3-स्टार रेटिंग प्राप्त करने पर बधाई दी तथा नगर निगम को प्रदेश में प्रथम स्थान दिलाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, सहायक नगर आयुक्त राकेश कुमार त्यागी, सहायक नगर आयुक्त अनुज कौशिक , मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नरेंद्र सिंह यादव, मुख्य अभियंता (निर्माण) संजय सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सफाई निरीक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन राजस्व निरीक्षक अरुण खंडेलवाल द्वारा किया गया।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.