मथुरा में जिला पंचायत के वार्डों के अनंतिम परिसीमन सूची पर आई 36 आपत्तियां

मथुरा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए वार्ड परिसीमन की प्रक्रिया के बाद पंचायत विभाग से जिला पंचायत के वार्डों का गलत अनंतिम सूची का का प्रकाशन होने के बाद उस पर आपत्तियां ली जा रही हैं। आज तक जिला पंचायत के वार्डों पर 36 आपत्तियां दर्ज की गई हैं। इस सूची पर पांच अगस्त तक आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि है। उसके बाद कोई आपत्तियां नहीं ली जाएगीं।
जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल ने बताया कि अनंतिम सूची पर अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत कार्यालय पर दावे और आपत्तियां ली जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आज तक कुल 36 आपत्तियां जिला पंचायत के विभिन्न वार्डों पर आई हैं। उन्होंने बताया कि इन आपत्तियों का निस्तारण पंचायत राज विभाग द्वारा 8 अगस्त तक कर दिया जाएगा। उसके बाद 10 अगस्त को वार्डों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
डीपीआरओ ने बताया कि 28 जुलाई को जिला पंचायत की प्रकाशित अनंतिम परिसीमन सूची विद्युत की बार-बार कटौती और कंप्यूटर पर कट पेस्ट करने के कारण त्रुटि हुई। जब दो दिन में काफी आपत्ति आने लगी तो मिलान करने पर पाया गया कि गलत सूची प्रकाशित हो गई है। शासनादेश 15 जुलाई के अनुसार प्रकाशित सूची में जिला पंचायत के वार्ड संख्या 04 से 17 में सम्मिलित क्षेत्र पंचायत के वार्डों में आशिक संशोधन कर वार्डों के परिसीमन किए गए हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या 1 से 3 एवं 17 से 32 तक किसी भी प्रकार का कोई परिवर्तन नहीं है जो वर्ष 2021 की भांति पुराने क्षेत्र पंचायत के वार्ड को सम्मिलित कर बनी है।