मथुरा। बकरीद पर गोवर्धन में गोवंश के अवशेष मिलने से माहौल गरमा गया है । इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने करीब पांच घंटे तक हंगामा किया। एसएसपी को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। इस मामले में 24 लोगों को नामजद करते हुए 50 अज्ञात लोगों सहित 74 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में ले लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की पहचान में जुटी है। वहीं अवशेष को जांच के लिए भेजा गया है। बताया जाता है कि शनिवार को बकरीद पर रात आठ बजे गोवर्धन-बरसाना रोड स्थित ईदगाह के सामने कसाई पाडा है। यहां एक जिम के पीछे एटी फिटनेस के पीछे खाली जगह में गोवंश के शव के अवशेष मिले। स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। हिंदू संगठन के लोग भी मौके पर आ गए। गोवंश को काटकर उसके अवशेष होने की आशंका पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
बबाल की बढ़ती आशंका को एसएसपी श्लोक कुमार भांप गये। तत्काल कई थाना का फोर्स और पीएसी भेजा और फिर रात 12 बजे के बाद एसएसपी गोवर्धन पहुंचे और मामले की जानकारी की। लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद महमदपुर निवासी धीरज कौशिक ने थाने में प्रार्थना पत्र दिया। एसएसपी ने बताया प्रार्थना पत्र के आधार पर साकिर उर्फ वीआईपी, समीर, सोहिल, अनवर वकील, इंतजार, अंसार, पिंटू, अनवर, स्टार, फाजल, शाहरुख पाप्मा, हन्नी कुरैशी, एपिक, धौली, बाबू, घोसी, सनी, रसीद, चांद, उस्नान, सोहेल समेत 24 लोगों को नामजद करते हुए 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की पहचान की जा रही है। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गौ सेवा आयोग के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे
मथुरा। गोवर्धन में ईद के दिन गौवंश के अवशेष मिलने के मामले में गौ सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने घटना को निंदनीय बताया। श्री उपाध्याय ने प्रशासन से इस मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की है। आरोपियों के खिलाफ पहले ही रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अब इस मामले की निगरानी शासन स्तर से की जा रही है। गौ सेवा आयोग के सदस्य का मौके पर पहुंचना इस बात का संकेत है कि मामला अब स्थानीय स्तर से आगे बढ़ गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति है। प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क है।