मथुरा। अब वृंदावन और गोवर्धन परिक्रमा मार्ग की सफाई में और निखार आएगा। धार्मिक महत्व के दोनों ही प्रमुख स्थलों पर सफाई का दायित्व संभाल रही संस्था उज्ज्वल ब्रज को सामाजिक संस्थाओं द्वारा सफाई कार्य में प्रयुक्त होने वाली सात गाड़ियाँ प्रदान की हैँ, जिन्हें झंडी दिखाकर गोवर्धन और वृंदावन के लिए रवाना किया गया। बुधवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद कार्यालय प्रांगण में ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, जिलाधिकारी सीपी सिंह, परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह और मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव अरविंद कुमार द्विवेदी ने झंडी दिखाई। इस मौके पर शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि गोवर्धन और वृंदावन की परिक्रमा के लिए प्रतिवर्ष कई करोड़ श्रद्धालु आते हैं । ब्रज में यह दोनों धार्मिक स्थल लोगों की श्रद्धा का बड़ा केंद्र हैँ। धार्मिक महत्व के साथ स्वच्छता की दृष्टि से भी यह दोनों परिक्रमा मार्ग कृष्ण भक्तों के मानसिक पटल पर स्वच्छ ब्रज की छवि प्रस्तुत करते है। इस कार्य के लिए उन्होंने उज्ज्वल ब्रज की सराहना की। जिलाधिकारी सीपी सिंह ने कहा कि ब्रज भूमि में देश से ही नहीं दुनियां भर से कृष्ण भक्त दर्शन को आते हैं। अब उन्हें इसी के अनुरूप संसाधन उपलब्ध कराने हैं। स्वच्छता का कार्य इसमें सबसे पहले आता है। इसे अब अभियान के रूप में पूरा किया जाएगा। इस कार्य के लिए उन्होंने उज्ज्वल ब्रज के कार्य की प्रशंसा करते हुए हर सम्भव मदद का भरोसा दिया। इस मौके पर मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एसबी सिंह ने उज्ज्वल ब्रज को विकास प्राधिकरण से और भी संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही।
इस मौके पर उज्ज्वल ब्रज संस्था के सचिव अनंत शर्मा ने बताया कि सात कूड़ा वाहन संस्था को मिले हैं, जो सीएनजी संचालित हैं। इसमें चार वृंदावन और तीन गोवर्धन परिक्रमा मार्ग की सफाई कार्य में प्रयोग किए जाएंगे। इसमें केडी मेडिकल कालेज, जीएलए यूनिवर्सिटी, एक्वा प्लंबर ने एक एक तथा चार वाहन गुजरात के विमल पोद्दार ने प्रदान किए हैं। उन्होंने बताया कि संस्था वृंदावन परिक्रमा मार्ग में 130 कर्मचारियों के साथ तीन पालियों में सफाई का काम करती है,जबकि गोवर्धन परिक्रमा मार्ग में 70 कर्मचारियों के साथ सफाई का दायित्व संभाले हुए है। इसके साथ वृंदावन के वृंदावन के 6 पिंक शौचालय तथा गोवर्धन परिक्रमा मार्ग के जनसुविधा केंद्रों का संचालन भी करती है। यह संस्था मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा संचालित है। इस मौके पर समाजसेवी पवन चतुर्वेदी, संस्था के प्रबंधक कुलदीप दीक्षित भी मौजूद रहे।