– लखनऊ में सांसद ने मुख्यमंत्री से मुलाक़ात, बिहारी जी कोरिडोर का काम जल्द शुरु कराने सहित सौंपी कामों की सूची, नगर विकास मंत्री से भी की भेंट
मथुरा। सांसद हेमा मालिनी ने शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाक़ात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से मथुरा के पर्यटन विकास के लिए अयोध्या और बनारस की तरह विशेष पैकेज दिए जाने की आवशयकता जताई। साथ ही बिहारीजी कोरिडोर का कार्य जल्द शुरु कराए जाने सहित दो दर्जन से अधिक विकास परियोजनाओं की सूची भी उनको सौंपी।
मथुरा की सांसद और सिने अभिनेत्री हेमामालिनी ब्रज के विकास को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने लखनऊ पहुंची। हेमा मालिनी ने इस मुलाक़ात के दौरान मुख्यमंत्री के साथ ब्रज के विकास की संभावनाओं पर चर्चा की। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से क्रियान्वित हो रही विकास योजनाओं पर भी बातचीत की। साथ ही ब्रज तीर्थ विकास परिषद की कार्ययोजना योजना 2025-26 को लेकर भी दोनों के बीच चर्चा हुई। सासंद हेमा मालिनी ने इस चर्चा के बीच मथुरा के विकास के लिए अयोध्या, बनारस की तर्ज पर विशेष पैकेज दिए जाने की आवश्यकता जताई। साथ ही श्रीबाँकेबिहारी कोरिडोर के लिए 150 करोड़ स्वीकृत करने पर आभार जताते हुए इसके कार्य को जल्द शुरु कराने का भी आग्रह किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री से मथुरा वृंदावन रेल लाइन को सड़क मार्ग में परिवर्तन करने, ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा के विकास सहित वृंदावन, महावन, गोवर्धन, जैत रिंग रोड़ का भी पूर्व प्रस्तावों पर काम कराने का भी आग्रह किया। इसके अलावा दो दर्जन कामों की एक और सूची मुख्यमंत्री को सौंपी जिसमें कई रोड प्रस्तावित हैँ।
मुख्यमंत्री ने हेमा मालिनी से ब्रज के विकास को अपनी प्राथमिकता का हिस्सा बताया। कहा कि भगवान श्री राधाकृष्ण की जन्म और लीलस्थलियों का विकास अयोध्या और बनारस पैटर्न पर ही होगा। इसके अलावा उन्होंने नगर विकास मंत्री अरविन्द शर्मा साथ बैठक की।
सांसद ने उनको बताया कि मथुरा-वृन्दावन नगर निगम के अन्तर्गत आने वाले समस्त क्षेत्र में वर्ष भर देश-विदेश से तीर्थ यात्रियों का हजारो की संख्या में आगमन रहता है अनेक स्थानों पर अति महत्त्वपूर्ण प्राचीन मन्दिर है जिस कारण से मन्दिर के आस-पास स्थित आबादी क्षेत्र में हर समय सफाई व्यवस्था की आवश्यकता रहती है विशेषकर मथुरा-वृन्दावन नगर निगम क्षेत्र में अपर्याप्त संसाधन एवं कर्मचारियों के कारण पूर्ण रूप से हर समय क्षेत्र को साफ रखना मुश्किल रहता है, जिस कारण से देश विदेश से आने वाले तीर्थ यात्रियों एवं स्थानीय नागरिको को गंदगी से परेशानी होती है तथा जनमानस में संसदीय क्षेत्र विशेषकर मथुरा-वृन्दावन नगर निगम की छवि धूमिल होती है। इसलिए मथुरा-वृन्दावन नगर निगम क्षेत्र में साफ सफाई की व्यवस्था हेतु पर्याप्त अधिकारी, कर्मचारी एवं सफाई उपकरणों की व्यवस्था हेतु परियोजना स्वीकृत कराते हुए धनावंटन करने के लिए आदेश करें।
इसके अलावा वर्ष 2023 के अनुसार नगर निगम 194804 घरेलू भवन है जिनमें से 45065 नग हाउस होल्ड्स (23.13 प्रतिशत कवरेज) सीवरेज व्यवस्था से संतृप्त है एवं 117467 नग हाउस होल्ड्स (76.87 प्रतिशत कवरेज) का गेप है।
सीवरेज व्यवस्था हेतु अमृत 2-0 में दिये गये निर्देशों के कम में नगर निगम की विस्तारित क्षेत्र को सम्मिलित करते हुये उ.प्र. जल निगम (नगरीय) द्वारा नगर निगम क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था प्रदान किये जाने हेतु एक्शन प्लान 511 करोड़ का तैयार कर सम्बन्धित विभाग द्वारा अपलोड किया जा चुका हैं।
उक्त परियोजना की शीध्र ही स्वीकृति प्रदान करें।
सांसद ने मंत्री को अवगत कराया कि मथुरा श्री राधा-कृष्ण जी की लीला स्थली होने के कारण विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है जहाँ वर्षभर तीर्थ यात्रियों का आगमन रहता है, गत वर्षों में देखा गया है कि क्षेत्र में आने वाले यात्रियों की संख्या में कई गुना बड़ोत्तरी हुयी है जिस कारण से मथुरा-वृन्दावन नगर निगम के साथ-साथ अन्य नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में भी मौजूदा संसाधनों एवं आधार भूत संरचनाओं की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है।
इसलिए प्रमुख सचिव नगर विकास की अध्यक्षता में एक टीम गठित कर संसदीय क्षेत्र की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर मीटिंग के लिए निर्देशित करें ताकि मथुरा-वृन्दावन नगर निगम, नगर पालिका एवं अन्य नगर पंचायतों की एक वृहद्ध परियोजना बनायी जा सकें।
सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने बताया कि अगले 10 दिन के अंदर मुख्य मंत्री योगी के निर्देश पर प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मथुरा जिले के लिए स्पेशल पैकेज पर स्थानीय अधिकारियों के साथ विचार विमर्श करेगी। इसके अलावा इसी हफ्ते नगर विकास के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात मथुरा आकर प्रस्तावित परियोजना का स्थलीय निरीक्षण करेंगे तथा प्रभावी बैठक कर प्रस्तावों पर मोहर लगाएंगे।