लखनऊ अग्निकांड के बाद मथुरा में ताबड़तोड़ एक्शन: श्री कृष्ण जन्म भूमि के समीप आधा दर्जन से अधिक होटल-गेस्ट हाउस सील
👉 मानचित्र स्वीकृति नहीं, फायर सेफ्टी फेल—प्रशासन ने मौके पर जड़े ताले
👉 अवैध निर्माण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सख्त अभियान जारी
मथुरा । लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुई भीषण आगजनी की घटना के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्मस्थान के समीप गोविंद नगर क्षेत्र में बड़े स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें आधा दर्जन से अधिक होटल और गेस्ट हाउस को मौके पर ही सील कर दिया गया।
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण, जिला प्रशासन और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए इस अभियान में पाया गया कि कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान बिना मानचित्र स्वीकृति के संचालित हो रहे थे, जबकि कई जगह फायर सेफ्टी उपकरण या तो खराब थे या पूरी तरह अनुपस्थित मिले।
कार्रवाई के दौरान जिन प्रतिष्ठानों को सील किया गया, उनमें प्रमुख रूप से श्री राधा ललित बिहारी पेइंग गेस्ट हाउस, होटल लड्डू गोपाल, होटल जीएमएस रेजीडेंसी, होटल ग्रीनलैंड, होटल जयंती धाम और श्री हरिधाम गेस्ट हाउस शामिल हैं।
इसके अलावा करीब 10 अन्य प्रतिष्ठानों को सख्त चेतावनी देते हुए निर्देश दिए गए कि वे तत्काल फायर सेफ्टी मानकों का पालन सुनिश्चित करें, प्राधिकरण से स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत करें और भवन का उपयोग नियमों के अनुसार ही करें।
जिलाधिकारी सीपी सिंह ने साफ किया है कि आदेशों की अनदेखी या सील तोड़कर संचालन करने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अवैध रूप से संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
अभियान के दौरान एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह और नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा सहित प्राधिकरण, निगम के इंजीनियर आदि मौजूद रहे।