रिकॉर्ड वसूली करने पर मथुरा वृंदावन नगर निगम यूपी में टॉप स्थान पर पहुंचा, अब मिलेगी 300 करोड रुपए की विशेष प्रोत्साहन धनराशि
मथुरा। उत्तर प्रदेश के 17 नगर निगम में गृहकर जलकर टैक्स वसूली में मथुरा वृंदावन नगर निगम ने टॉप रैंक हासिल करते हुए नंबर वन पोजिशन पर कब्जा किया है । रैंकिंग के आधार पर देखा जाए तो समीपवर्ती जनपद अलीगढ़ नगर निगम सातवें नंबर पर है तो आगरा आठवें नंबर पर जबकि फिरोजाबाद नगर निगम 12 स्थान पर आया है।

नगर आयुक्त शशांक चौधरी ने इस विशेष उपलब्धि का श्रेय टैक्स विभाग की टीम को दिया है। 2023-24 में मथुरा वृंदावन नगर निगम ने विभिन्न टैक्स के रूप में 43 करोड रुपए का लक्ष्य हासिल किया था जबकि अब 2024-25 में जबरदस्त छलांग लगाते हुए दुगनी से अधिक धनराशि 88 करोड़ 41 लाख रुपए की वसूली की है जो अपने आप में बहुत बड़ा रिकॉर्ड हैं। बताया जाता है इस धनराशि में अभी करीब डेढ़ करोड़ रु का और इजाफा होगा टोटल वसूली 90 करोड़ रु के आसपास रहेगी। इस बार टैक्स में 41.43 करोड़ नॉन टैक्स में 46. 98 करोड़ रु जमा हुए है। गत वर्ष के मुकाबले 106 प्रतिशत राजस्व इस बार अधिक वसूला गया है। बीते दिसंबर माह में भी नगर निगम मथुरा वृंदावन ने 172% अधिक गृहकर आदि टैक्स की वसूली कर प्रदेश में नंबर वन का खिताब प्राप्त किया था।
टॉप क्लास वसूली करने पर नगर आयुक्त ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शासन से अब अलग-अलग स्कीम में करीब 300 करोड रुपए की विशेष प्रोत्साहन धनराशि मथुरा वृंदावन नगर निगम को प्राप्त होगी जिससे विभिन्न प्रकार के विकास कार्य आदि को अमली जामा पहनाया जाएगा। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नरेंद्र यादव और कर अधीक्षक उम्मेद सिंह के अनुसार सरकारी विभागों से 5 करोड़ रु का कलेक्शन प्राप्त हुआ है।