मथुरा। टीवी न्यूज़ चैनल पर डिबेट के दौरान बसपा सुप्रीमो और प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती पर विवादित बयान देने वाले भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और जनपद की मांट तहसील के विधायक राजेश चौधरी को परिवार सहित जान से मारने की धमकी मिली है। विधायक को यह धमकी फोन पर दी गई है। उनके द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भेजे लिखित पत्र पर मथुरा शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विधायक राजेश चौधरी ने बताया है कि उनके द्वारा एक टीवी चैनल की डिबेट में दिए गए बयान पर आपत्ति करते मुझे और मेरे परिवार को कुछ अज्ञात लोगों द्वारा फोन कॉल्स एवं विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों से जान से मारने की धमकी व गलियां दी जा रही हैं। बीती 25 अगस्त को रात लगभग 8:47 बजे उनके फोन पर कॉल आई जिसमें कॉलर ने नाम नहीं बताया और सीधे उनको और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। बोला कि टीवी डिबेट में बहुत बयान बाजी करते हो देख लेंगे तुम्हें। हमारे नेता ने आपको मारने का आदेश दिया है। तुम कितना भी बच लो हम छोड़ेंगे नहीं इतना कह कर फोन कट कर दिया।
विधायक राजेश चौधरी ने अपनी तहरीर में X पर जीभ काटने की धमकी के बारे में भी लिखा है और अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए उक्त अज्ञात लोगों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करने की मांग की है। जिसके बाद आज उनका मुकदमा मथुरा कोतवाली में दर्ज हो गया है।
बताते दें कि राजेश चौधरी ने 24 अगस्त 2024 को एक न्यूज चैनल की डिबेट के दौरान बसपा सुप्रीमों मायावती पर विवादित टिप्पणी करते हुए सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री बताया था कहा था कि उत्तर प्रदेश के अंदर अगर सबसे भ्रष्ट कोई मुख्यमंत्री हुआ है तो उनका नाम है मायावती है। यह भी सही है कि मायावती को पहली बार मुख्यमंत्री भाजपा ने ही बनाया था वो गलती हमारी ही थी। राजेश चौधरी के इस बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी आपत्ति करते हुए X पर लिखा कि मानहानि का मुकदमा दर्ज किया जाए। इस पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने अखिलेश को धन्यवाद बोलते हुए लगातार 6 ट्वीट किए। साथ ही बसपा के कई शीर्ष नेताओं के साथ सपा के भी नेताओं ने राजेश चौधरी को घेरने की कोशिश की। भाजपा को दलित व महिला विरोधी बताया जिस पर सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद के साथ अन्य भाजपा नेता एवं ओम प्रकाश राजभर समेत कई नेता राजेश चौधरी के पक्ष में बयान देते दिखाई दिए। यह पूरा मुद्दा सोशल मीडिया एवं कई न्यूज चैनलो पर हैड लाइन बन गया।
जिसके बाद भीम आर्मी के चीफ और नगीना से सांसद चंद्र शेखर आजाद “रावण” ने बयान देते हुए विधायक को जूते मारने की बात कह डाली जिसके बाद प्रदेश में कई जगह चंद्र शेखर आजाद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए और उनका पूतना फूंकने की खबरें आईं। इस पूरी स्थिति को देखते हुए अपनी सुरक्षा के संबंध में राजेश चौधरी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के गृह सचिव दीपक कुमार से भी मुलाकात की है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजेश चौधरी उभरता जाट चेहरा
2022 के विधानसभा चुनावों में आठ बार के विधायक श्याम सुंदर शर्मा को हराते हुए राजेश चौधरी मांट विधानसभा से पहली बार विधायक बने है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ काम कर चुके हैं। 2011 में श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने वाली भाजपा टीम का भी हिस्सा थे। वे प्रवक्ता, संगठन के व्यक्ति, पार्टी के मुद्दों के मुखर समर्थक के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए हैं।