कान्हा की नगरी में नगर आयुक्त ने भोर 4 बजे पैदल नापा भूतेश्वर से मसानी तक का रास्ता!

​10 अगस्त तक हर हाल में सड़कें दुरुस्त करने का अल्टीमेटम, काम में ढिलाई पर ठेकेदार पर गिरेगी गाज

​मथुरा।
​श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर कान्हा की नगरी में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सुगम व सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम पूरी तरह हरकत में आ गया है। शुक्रवार भोर में प्रातः 4 बजे नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने भूतेश्वर से मसानी तक पैदल भ्रमण कर सड़क मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था और चल रहे कार्यों का औचक निरीक्षण किया।
​सड़क की जर्जर स्थिति और काम की धीमी रफ्तार को देखकर नगर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाया और 10 अगस्त तक सभी काम हर हाल में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने जाना जमीनी हकीकत को देखते हुए
​कड़ा अल्टीमेटम दिया हैं कि 10 अगस्त तक हर हाल में गड्ढामुक्त सड़कें हो जानी चाहिये । उन्होंने पेनल्टी की चेतावनी देते हुए निर्देश दिए है कि 2 दिन में लेबर और सामग्री न बढ़ाने पर ठेकेदार पर होगी दंडात्मक कार्रवाई।

​निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने भूतेश्वर अंडरपास से मसानी नाले तक बिछाई गई पाइपलाइन के कारण जगह-जगह धंसी सड़कों, गड्ढों और पैचवर्क को बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने मौके पर ही कार्यदायी संस्था के अफसरों और ठेकेदार को लताड़ा।


​उल्लेखनीय है कि भूतेश्वर अंडरपास पर लंबे समय से जलभराव की विकट समस्या बनी रहती थी। इसके स्थाई समाधान के लिए जलकल विभाग द्वारा मसानी नाले से भूतेश्वर अंडरपास तक विशेष पाइपलाइन बिछाई गई है। पाइपलाइन डालने का काम तो पूरा हुआ, लेकिन उसके बाद सड़क की सुध न लेने से कई जगह सड़कें धंस गईं और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए, जिससे राहगीरों का निकलना दूभर हो रहा था।

​नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने निर्देश दिया कि सड़क मरम्मत और जल निकासी से जुड़े सभी कार्य गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के अनुरूप 10 अगस्त तक पूरे होने चाहिए। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु मथुरा आते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों की सुविधा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।