होमगार्ड जवानों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा: 5 लाख का कैशलेस इलाज और थानों में मिलेंगे विश्राम कक्ष

वृंदावन पहुंचे राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने दी जानकारी, बांके बिहारी के दर्शन कर मांगी देश-प्रदेश की खुशहाली

​वृंदावन/मथुरा। उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने धर्मनगरी वृंदावन में होमगार्ड जवानों के लिए प्रदेश कैबिनेट द्वारा लिए गए ऐतिहासिक फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में होमगार्ड स्वयंसेवकों, उनके आश्रितों और विभाग में तैनात अवैतनिक अधिकारियों के लिए 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा को मंजूरी दे दी गई है।
​इसके साथ ही जवानों की कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए एक और महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित हुआ है। इसके तहत प्रदेश के प्रत्येक थाने में होमगार्ड जवानों के लिए दो विश्राम कक्ष (एक महिला और एक पुरुष जवान के लिए) बनाए जाएंगे, ताकि वे ड्यूटी के दौरान आराम कर सकें और 24 घंटे तत्परता के साथ अपनी सेवाएं दे सकें।

आगामी राजनीतिक परिदृश्य पर बात करते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय है। विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, “विपक्ष केवल आरोप लगाने और जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रहा है। जनता समझ चुकी है कि भाजपा विकास की राजनीति करती है, जबकि विपक्ष विनाश की राजनीति में विश्वास रखता है।” अयोध्या प्रकरण पर उन्होंने कहा कि मामला जांच के अधीन है और इसकी जांच एसआईटी (SIT) कर रही है।

इससे पूर्व, मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने वृंदावन के सुप्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी जी मंदिर में दर्शन-पूजन किए। उन्होंने ठाकुर जी से देश और प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि एवं सर्वांगीण विकास की प्रार्थना की।
​अपने मथुरा भ्रमण के दौरान वे वृंदावन स्थित योगीराज देवरहा बाबा आश्रम भी पहुंचे, जहां उन्होंने आयोजित धार्मिक कथा में सहभागिता की और संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। आश्रम पहुंचने पर संत समाज और श्रद्धालुओं ने राज्य मंत्री का जोरदार स्वागत किया। मथुरा आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी मंत्री धर्मवीर प्रजापति का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।