जलकल विभाग की करोड़ों की निविदा में बड़ा फर्जीवाड़ा! ट्रैक्टर की क्षमता बढ़ाकर टेंडर हथियाने का आरोप

मथुरा । नगर निगम मथुरा-वृंदावन के जलकल विभाग की एक करोड़ों रुपये की निविदा में बड़े स्तर पर गड़बड़ी का मामला सामने आया है। तकनीकी पात्रता हासिल करने के लिए दस्तावेजों में कथित हेरफेर कर टेंडर हथियाने की साजिश का खुलासा होने से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। मामले का खुलासा शिकायतकर्ता फर्म ‘पुष्प एंटरप्राइजेज’ द्वारा किया गया, जिसने महाप्रबंधक (जलकल) और नगर आयुक्त को साक्ष्यों सहित लिखित शिकायत सौंपते हुए गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है।

शिकायत के अनुसार निविदा संख्या 2026_DOLBU_1160921_6 में भाग लेने वाली फर्म ‘सूरज एग्रीकल्चर इंडस्ट्रीज’ ने अपने ट्रैक्टर (वाहन संख्या UP85 DB 4716, Eicher 242 V1) की क्षमता को लेकर भ्रामक जानकारी प्रस्तुत की। परिवहन विभाग के रिकॉर्ड में उक्त ट्रैक्टर की वास्तविक क्षमता 21.44 HP दर्ज है, जबकि टेंडर में इसे 35 HP दर्शाया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि तकनीकी शर्तों को पूरा करने और अनुचित लाभ लेने के लिए यह फर्जीवाड़ा किया गया, जो न केवल निविदा की शर्तों का उल्लंघन है, बल्कि निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और पारदर्शिता पर भी सीधा प्रहार है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायतकर्ता ने उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए चार प्रमुख बिंदु उठाए हैं। इसमें संबंधित वाहन का आरटीओ मथुरा और निर्माता कंपनी से सत्यापन कराने, दोषी पाए जाने पर फर्म की निविदा निरस्त करने, ईएमडी राशि जब्त करने और फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की मांग शामिल है। शिकायत की प्रतिलिपि नगर आयुक्त और संभागीय परिवहन अधिकारी को भी भेजी गई है, ताकि वाहन के हॉर्स पावर का पुनः सत्यापन कराया जा सके।

अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का दावा करने वाला प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और क्या संबंधित फर्म के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती है।