बरसाना, सदर बाजार, सुरीर, मगोर्रा, गोविंदनगर, मांट, वृंदावन, नौहझील व बल्देव समेत कई थानों के प्रभारी बदले

एसएसपी श्लोक कुमार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 70 निरीक्षक व उपनिरीक्षकों के तबादले

मथुरा। जनपद की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने रविवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 70 निरीक्षक एवं उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। इस तबादला सूची में बरसाना, सदर बाजार, सुरीर, मगोर्रा, गोविंदनगर, मांट, वृंदावन, नौहझील और बल्देव सहित कई थानों के थाना प्रभारी तथा 17 चैकी प्रभारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक अवनी कुमार को बरसाना से वृंदावन, अजीत सिंह को सदर बाजार से बरसाना, अंजनीश कुमार को नौहझील, त्रिपुरेश कौशिक को सदर बाजार तथा उमेश कुमार को मांट थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं निरीक्षक रोशनलाल को प्रभारी निरी. एएचटीयू, मुकेश कुमार शर्मा को अतिरिक्त निरीक्षक अपराध थाना वृंदावन तथा सुरेंद्र कुमार को अतिरिक्त निरीक्षक अपराध थाना कोसीकलां की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उपनिरीक्षकों के स्तर पर भी व्यापक फेरबदल किया गया है। अजय कुमार सिंह को सुरीर से मगोर्रा, अरुण कुमार को वृंदावन से सुरीर, अभय शर्मा को बल्देव, अजय वर्मा को थाना गोविंदनगर प्रभारी, जबकि महावीर सिंह को प्रभारी स्वाट टीम बनाया गया है। इसके अलावा कई चैकी प्रभारियों, एंटी क्राइम एवं अन्य शाखाओं में भी नई तैनातियां की गई हैं।
एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। माना जा रहा है कि कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने तथा पुलिस कार्यप्रणाली में तेजी लाने के उद्देश्य से यह व्यापक तबादला किया गया है।