जन्माष्टमी-2026 : मथुरा-वृंदावन में भव्यता के साथ सुरक्षा का कड़ा पहरा, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

7 दिन पहले से सजेगा ब्रज, बाइक एंबुलेंस से लेकर लाइव दर्शन तक—श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

मथुरा ।  श्री कृष्ण जन्माष्टमी-2026 (जन्मोत्सव) को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासनिक मशीनरी ने पूरी ताकत झोंक दी है। वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान परिसर में यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के क्षेत्रीय कार्यालय में शुक्रवार को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों के आला अधिकारियों ने तैयारियों का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया। मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को सरल, सुगम और सुलभ दर्शन व्यवस्था मिल सके।
 सात दिन पहले से दिखेगी उत्सव की झलक
जन्मोत्सव से सात दिन पूर्व ही पूरे जनपद में उत्सवी माहौल नजर आएगा। प्रमुख चौराहों, मार्गों और स्थलों को विशेष रूप से सजाया जाएगा। बिजली के खंभों पर तिरंगा लाइटिंग आकर्षण का केंद्र बनेगी। मथुरा-वृंदावन के मुख्य मार्गों पर भव्य स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। प्रमुख चौराहों पर छोटे-बड़े मंच तैयार कर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देश, प्रदेश और ब्रज क्षेत्र के प्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुति देंगे।
 भीड़ में राहत देंगी बाइक एंबुलेंस
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। तंग गलियों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बाइक एंबुलेंस की तैनाती की जाएगी। प्रमुख स्थानों पर फायर टेंडर और एंबुलेंस मौजूद रहेंगी। स्वास्थ्य शिविरों में 24 घंटे डॉक्टरों और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए सरकारी और निजी अस्पतालों की मैपिंग भी की जाएगी।
 ट्रैफिक रहेगा पूरी तरह व्यवस्थित
यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पहले से ही रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा, जिसका व्यापक प्रचार-प्रसार सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से किया जाएगा। सभी प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था होगी, जिन पर नंबरिंग और दिशा सूचक साइन बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
 घर बैठे होंगे कान्हा के दर्शन
जो श्रद्धालु भीड़ के कारण मुख्य मंदिरों तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए सूचना विभाग की एलईडी वैन और शहर के प्रमुख चौराहों पर बड़ी स्क्रीन के माध्यम से लाइव दर्शन की व्यवस्था की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र सहित लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, स्वास्थ्य एवं विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।