NH-19 पर ट्रक पलटने से 4 घंटे जाम, मथुरा में हाईवे पर रेंगते रहे वाहन

लोहे के पाइप से लदा ट्रक पलटा, हाइड्रा क्रेन से हटाया गया—दिल्ली-आगरा लेन पर भारी दबाव

 

मथुरा । आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-19) पर शुक्रवार को उस समय लंबा जाम लग गया, जब हाईवे कट पर लोहे के पाइप से लदा एक ट्रक पलट गया। हादसे के बाद टाउनशिप मोड़ से लेकर गोकुल रेस्टोरेंट तक कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और वाहन घंटों रेंगते नजर आए।

जाम की सूचना मिलते ही एसएसपी श्लोक कुमार ने तत्काल ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थानों की कई टीमें मौके पर भेजीं। जांच में सामने आया कि हाईवे कट पर ट्रक असंतुलित होकर पलट गया था, जिसमें भारी मात्रा में लोहे के पाइप लदे थे।

प्रशासन ने तत्काल दो हाइड्रा क्रेन की मदद से ट्रक और पाइपों को हटाने का कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब चार घंटे में ट्रक को हाईवे से हटाकर रास्ता साफ किया गया।

इस दौरान आगरा से दिल्ली जाने वाली लेन पर ट्रैफिक सामान्य बना रहा, जबकि दिल्ली से आगरा की ओर जाने वाली लेन पर वाहनों का दबाव काफी अधिक रहा। पुलिस और ट्रैफिक टीम लगातार जाम खुलवाने में जुटी रही और धीरे-धीरे यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया गया।