आगरा। नेशनल हाईवे पर सिकंदरा थाना क्षेत्र में रुनकता के नजदीक बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब मथुरा डिपो की उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की एक रोडवेज बस का आगे का पहिया अचानक निकल गया। पहिया निकलते ही बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। हादसे के दौरान बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार बस मथुरा से आगरा की ओर आ रही थी, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। दुर्घटना में करीब दो दर्जन यात्री घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति भी बनी रही।