घीया मंडी में तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी
दमकल की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू, लाखों के नुकसान की आशंका, जनहानि टली
मथुरा। घीया मंडी स्थित अबरार टीवी रिपेयरिंग की दुकान और मकान वाली तीन मंजिला इमारत में शनिवार सुबह करीब नौ बजे भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और इमारत में रखा सामान इसकी चपेट में आ गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया।
आग से इमारत में रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। गनीमत रही कि इस भीषण अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।