योग से मजबूत होगी पुलिस—एसएसपी का संदेश

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रिजर्व पुलिस लाइन में हुआ भव्य योग शिविर आयोजन

मथुरा । 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन, मथुरा में पुलिस बल की शारीरिक दक्षता एवं मानसिक सुदृढ़ता को बढ़ाने के उद्देश्य से भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार सहित अधीनस्थ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। योग शिविर के दौरान विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया, जिससे पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रहने एवं बेहतर कार्यक्षमता बनाए रखने के उपाय बताए गए। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को मानसिक दबाव से राहत दिलाना, उनकी कार्यकुशलता में वृद्धि करना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।

योगाभ्यास के समापन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासित एवं संवेदनशील पुलिसिंग के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में नियमित रूप से योग एवं प्राणायाम को अपनाएं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।