योग से स्वस्थ मथुरा का संदेश : महापौर विनोद अग्रवाल के नेतृत्व में भव्य सामूहिक योगाभ्यास

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर नगर निगम ने शहरभर में आयोजित किए योग शिविर, “Zero Waste Event” का भी दिया संदेश

मथुरा । 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा महापौर श्री विनोद अग्रवाल के नेतृत्व में भूतेश्वर स्थित नगर निगम मुख्यालय परिसर में पार्षदों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास का भव्य आयोजन किया गया। “योग फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में महापौर विनोद अग्रवाल ने योग को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार बताते हुए सभी नागरिकों से नियमित योग अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ बनाता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, वार्ड-19 के पार्षद दिवाकर, वार्ड-35 के पार्षद तरुण सैनी, महाप्रबंधक (जल) मोहम्मद अनवर ख्वाजा, मुख्य अभियंता (निर्माण) संजय सिंह, सहायक अभियंता हेमंत गौतम सहित निगम के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

नगर निगम द्वारा इस अवसर पर शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों—जवाहर बाग (सिविल लाइन), विश्राम घाट, बंगाली घाट, भगत सिंह पार्क, देवरहा बाबा घाट, केशी घाट एवं गांधी पार्क (वृन्दावन) पर भी योग शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया और योग के प्रति जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

कार्यक्रम के दौरान “Zero Waste Event” के सिद्धांतों का पालन करते हुए एकल-उपयोग प्लास्टिक से परहेज करने तथा स्वच्छता बनाए रखने का संदेश भी दिया गया। नगर निगम मथुरा-वृन्दावन ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि “योग अपनाएं, स्वास्थ्य पाएं और स्वच्छ एवं स्वस्थ मथुरा-वृन्दावन के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।”