वृंदावन। अधिकमास में ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और भीषण गर्मी के बीच शनिवार को एक श्रद्धालु की मौत हो गई। मध्य प्रदेश के गुना जनपद से परिवार के साथ दर्शन करने आए 50 वर्षीय श्रद्धालु की मंदिर की गली में अचानक तबीयत बिगड़ गई। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के गुना जनपद के ग्राम वमौरी निवासी भरत सिंह लोधा (50) शनिवार दोपहर अपनी पत्नी राममूर्ति, मामा सुरेश लोधा तथा राजेश लोधा के साथ ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे विद्यापीठ चौराहे से मंदिर की ओर बढ़ते समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और तेज धूप के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
बताया गया कि मंदिर की गली नंबर-3 में गेट संख्या-3 से पहले भरत सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी और सुरक्षागार्ड मौके पर पहुंचे तथा एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद भरत सिंह को मृत घोषित कर दिया। श्रद्धालु की मौत की खबर मिलते ही साथ आए परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
अधिकमास के दौरान बांकेबिहारी मंदिर में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं।