ब्रज की पावन धरा को स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी, श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं: डीएम सी.पी. सिंह

ब्रज चौरासी कोस की परिक्रमा में ​ऐतिहासिक भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक अमले ने फिर से परखीं तैयारियां, सुपर जोन में बांटी गई पूरी व्यवस्था

​मथुरा। अधिकमास के चलते ब्रज में चल रही ८४ कोस, गोवर्धन, बरसाना, वृंदावन और मथुरा की परिक्रमाओं में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बीते दिनों हुई ऐतिहासिक भीड़ के बाद जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सभी संबंधित विभागों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और नए सिरे से अधिकारियों को फील्ड में उतरने के निर्देश दिए हैं। ​जिलाधिकारी ने बताया कि पूरी परिक्रमा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए इसे ‘सुपर जोन’ में विभाजित किया गया है। इसके तहत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

​गोवर्धन: एडीएम फाइनेंस व्यवस्था संभालेंगे।
​बरसाना: एडीएम प्रशासन को जिम्मेदारी दी गई है।
​वृंदावन: एडीएम नमामि गंगे पूरी व्यवस्था देखेंगे।
​गोकुल, बलदेव और मांट: एडीएम न्यायिक मोर्चा संभालेंगे।
​मथुरा शहर: सिटी मजिस्ट्रेट और अपर नगर आयुक्त पूरी व्यवस्था की देखरेख करेंगे।

​डीएम ने बताया कि पिछले दिनों आए आंधी-तूफान के कारण बिजली व्यवस्था कुछ प्रभावित हुई थी जिसे अब पूरी तरह ठीक कर लिया गया है। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता अपनी टीमों के साथ छोटे-छोटे टुकड़ों में व्यवस्था को और सुधारने में जुटे हैं।
​इसके साथ ही परिक्रमा मार्गों पर स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम, नगरपालिका, नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों के सफाई कर्मचारियों को तैनात किया गया है। अधिकारियों को स्वयं परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर गंदगी साफ कराने के निर्देश दिए गए हैं।

​परिक्रमा मार्ग में लाखों की संख्या में आ रहे श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह भंडारे आयोजित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने भंडारा आयोजकों से विनम्र निवेदन किया है कि वे अपने पंडालों पर पर्याप्त डस्टबिन (कचरा पात्र) रखें। उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे पत्तल, दोने और ग्लास इधर-उधर फेंकने के बजाय डस्टबिन में ही डालें। डीएम ने कहा आप सभी आस्था के साथ परिक्रमा लगा रहे हैं, ऐसे में आपके पैरों में जूठन लगे, यह किसी को पसंद नहीं आएगा। ब्रज की माटी और यमुना मैया बेहद पवित्र हैं, इन्हें स्वच्छ रखना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।

​आगामी 15 दिनों की परिक्रमा अवधि के लिए सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा किया गया है। एसएसपी के नेतृत्व में पूरे क्षेत्र को छोटे-छोटे सेक्टर्स में बांटकर पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए जगह-जगह मेडिकल टीमें और एम्बुलेंस मुस्तैद की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो और ब्रज की यह पावन यात्रा सकुशल व निर्विघ्न संपन्न हो सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्या, अपर जिलाधिकारी न्यायिक वेद प्रिय आर्य, एस.पी. ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।