महोली फायरिंग कांड में 9 आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के ग्राम महोली में दो गुटों के बीच हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 मई को महोली गांव में आपसी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग हुई थी। इस मामले में थाना हाईवे पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद 29 मई की रात करीब 12:35 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में राजवीर सिंह, महेश (विरजू), मनोज, पवन, केदार, लिल्लो, मोहन, महेश (रूप सिंह) और राजू शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम महोली के निवासी हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो तमंचा कारतूस, सात खोखा कारतूस और तीन लकड़ी के डंडे बरामद किए। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। जांच में सामने आया है कि कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। विशेष रूप से राजवीर सिंह, मनोज, पवन और राजू पर पूर्व में भी हत्या के प्रयास, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।