महोबा कांड के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

मथुरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर महोबा जनपद में दलित छात्रा के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शांतिपूर्ण सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने प्रदेश में दलितों के खिलाफ बढ़ती घटनाओं पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि महोबा की एक दलित छात्रा जो नीट की तैयारी कर रही थी उसका कोचिंग से लौटते समय अपहरण कर लिया गया और प्रयागराज में 16 दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोपियों द्वारा छात्रा को सिगरेट से जलाकर अमानवीय यातनाएं देने और जबरन शादी कराने जैसी घटनाएं मानवता को झकझोर देने वाली हैं।
उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है और दलित उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित समाज की बारातें, विद्यार्थी और बाबा साहेब की मूर्तियां तक दबंग और नफरती तत्वों के निशाने पर हैं जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर कठोरतम कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा एवं उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। ज्ञापन में अनुसूचित जाति जनजाति और दलित समाज पर हो रहे अत्याचारों को पूरे प्रदेश में सख्ती से रोकने की भी मांग उठाई गई।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री वैद्य मनोज गौड़ ने किया। इस अवसर पर कुंवर सिंह निषाद, आदित्य तिवारी एडवोकेट, राजकुमार उपाध्याय एडवोकेट, डॉ दीपक आर्य, लता सिंह चौहान, मनोज शर्मा एडवोकेट, रुपा लवानिया, गीता दिवाकर, भगवान देवी, अनिल खरे, दिनेश सैनी एडवोकेट, द्वारिका प्रसाद निषाद एडवोकेट, लोकेंद्र यादव एडवोकेट, मानवेंद्र पांडव, रमेश कश्यप, करण निषाद, महेश चौबे, आशीष अग्रवाल, दीपक दीक्षित एडवोकेट, शाहिद कुरेशी, रवि वाल्मीकि सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।