मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र में दलित समाज की बेटियों की बारात के दौरान बुधवार रात हुए विवाद से उपजे तनाव पर नियंत्रण कर लिया गया है । दुकान से तम्बाकू की पुड़िया लेने के दौरान हुई कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच पथराव और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। हालांकि, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और गुरुवार को प्रशासन की निगरानी में शादी की सभी रस्में सकुशल संपन्न कराई गईं।
गांव नरहोली के जाटव मोहल्ले में गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे जयमाला और इसके बाद कन्यादान की रस्म हुई। इस दौरान कई बार माहौल बिगड़ने की स्थिति बनी, लेकिन प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हालात संभाले गए। दोपहर करीब 4 बजे फेरे की रस्म पूरी कराई गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के अनुसार 20 मई को बारात के दौरान रास्ते में एक दुकान पर विवाद हो गया था जिसके बाद दुकान में तोड़फोड़ और दोनों पक्षों के बीच पथराव हुआ। इस घटना में दुकानदार पक्ष की 70 वर्षीय महिला घायल हो गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो को साक्ष्य के रूप में जुटाया गया है।
घटना की निष्पक्ष जांच के लिए तीनों मामलों की विवेचना क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। प्रशासन का कहना है कि जातीय तनाव के नाम पर माहौल खराब करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.