श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति के लिए बाइक रैली, 5 जून को रामघाट से होगा आगाज़

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति और सनातन जागृति के संदेश को लेकर 5 जून को गंगा तट स्थित अत्रि ऋषि की तपोभूमि श्री सिद्धबाबा धाम वनखंडेश्वरी महादेव मंदिर आश्रम, रामघाट से एक विशाल मोटरसाइकिल यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा 6 जून को मथुरा पहुंचेगी, जहां विभिन्न कार्यक्रमों के साथ इसका समापन होगा।
सौंख अड्डा स्थित होटल बृजधाम में आयोजित पत्रकार वार्ता में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एवं हिन्दू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने बताया कि यह यात्रा स्वामी श्री कांताचार्य रामानुज दास महाराज के सानिध्य में निकाली जा रही है। इसमें बिहार, बंगाल, ओडिशा, झारखंड, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के श्रद्धालु शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि यात्रा में करीब 500 मोटरसाइकिल, 20 कार और अन्य वाहन शामिल रहेंगे। दो दिवसीय यात्रा के दौरान 25 स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं आयोजित की जाएंगी, जबकि अलीगढ़ में रात्रि विश्राम के दौरान एक विशाल सम्मेलन भी होगा।
यात्रा वृंदावन और मथुरा शहर में भ्रमण करेगी। इसके बाद सलेमपुर रोड स्थित केडीएस इंटरनेशनल स्कूल में सभा आयोजित की जाएगी।
महेंद्र प्रताप सिंह ने दावा किया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि स्थल पर मंदिर तोड़कर मस्जिद का निर्माण कराया गया था और उसी स्थान पर मंदिर निर्माण की मांग को लेकर यह आंदोलन चलाया जा रहा है।
चिंतामणि कुंज वृंदावन के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर डॉ. आदित्यानंद जी महाराज ने कहा कि यह यात्रा आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगी। यह केवल यात्रा नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा विषय है। उन्होंने बताया कि यात्रा में नारी शक्ति की विशेष भागीदारी रहेगी, जो समाज में सनातन संस्कारों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी। आर.बी. चौधरी ने कहा कि हिंदू समाज अपने अधिकारों की मांग कर रहा है और बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़ रहे हैं।
इस अवसर पर विनोद शर्मा, नरवेश सिंह, लोमेश चौधरी, प्रमोद राजपूत, सुशील उपाध्याय, वेदांश भारद्वाज सहित कई लोग मौजूद रहे।