डीएम सीपी सिंह का हंटर: बांके बिहारी मंदिर के पास बिकने जा रहा 1700 किलो दूषित पेड़ा किया नष्ट, जेसीबी से जमीन में दबाया

 

​मथुरा। काली कमाई के चक्कर में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सर्जिकल स्ट्राइक शुरू कर दी है। जिलाधिकारी सीपी सिंह की सख्त हिदायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने वृंदावन में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए धौलपुर (राजस्थान) से तस्करी कर लाया गया 17 कुंतल (1700 किलो) दूषित पेड़ा जब्त किया है। प्लास्टिक के 43 बोरों में बेहद अस्वस्थकर और बदबूदार परिस्थितियों में छिपाकर लाए गए इस पेड़े की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 58 हजार रुपए बताई जा रही है।

​खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के सचल दल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरुषोत्तम मास के पावन महीने में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का फायदा उठाने के लिए बड़े पैमाने पर मिलावटी खोआ और पेड़ा वृंदावन लाया जा रहा है। टीम ने घेराबंदी कर एक बुलेरो पिकअप को दबोचा। गाड़ी के साथ आए देवेंद्र (पुत्र पीतम, निवासी धौलपुर) ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह धौलपुर की ‘त्यागी इंडस्ट्रीज’ से बड़े पैमाने पर यह बना-बनाया पेड़ा मथुरा लाता है।
​बांके बिहारी मंदिर के पास की दुकानों पर होनी थी सप्लाई
​पकड़े गए आरोपी के मुताबिक, मथुरा में छटीकरा निवासी अमरचंद और दिनेश गर्ग (विष्णु पुत्र अमरचंद) के जरिए इस दूषित पेड़े को वृंदावन क्षेत्र में श्री बांके बिहारी मंदिर के आस-पास की नामचीन और स्थानीय मिठाई दुकानों पर सप्लाई किया जाना था। अगर यह पेड़ा बाजार में बिक जाता, तो हजारों श्रद्धालुओं की सेहत बिगड़ सकती थी।

​सचल दल में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए कुल 09 संदिग्ध नमूने (सैंपल्स) लिए:
​जितेंद्र सिंह (FSO): 02 नमूने
​राम नरेश (FSO): 02 नमूने
​मोहर सिंह कुशवाहा (FSO): 02 नमूने
​भरत सिंह (FSO): 01 नमूना
​दलवीर सिंह (FSO): 01 नमूना
​धर्मेंद्र सिंह (FSO): 01 नमूना
​वृंदावन के खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि पेड़ा जल्दी खराब होने वाली (विनिश्वर) प्रकृति का था, इसलिए खाद्य कारोबारकर्ताओं की लिखित सहमति के बाद सभी 43 बोरों के पेड़े को मौके पर ही गड्ढा खोदकर नष्ट करा दिया गया।

  • “सभी 9 नमूनों को तुरंत जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला (लैब) भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आते ही आरोपियों और मिलावटी पेड़ा खरीदने वाले दुकानदारों के खिलाफ कठोर विधिक व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा।”

ज्ञात रहे पिछले दिनों हुई श्री बांके बिहारी मंदिर की सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित कमेटी की मीटिंग में दूषित पेड़ा की बिक्री पर चर्चा हुई थी जिसमें अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायाधीश अशोक कुमार ने तत्काल कड़ी कार्यवाही के निर्देश दिए गए थे।