​हेमा मालिनी ने दी पुष्पा धाम कॉलोनी को ₹190 लाख की सौगात, पूर्व सैनिकों में भारी उत्साह

दशकों से ‘नरकीय जीवन’ जी रहे क्षेत्रीय नागरिकों को मिलेगी राहत; 982 मीटर लंबे सी-सी मार्ग, नाली और पुलिया निर्माण का हुआ शिलान्यास

​मथुरा। मथुरा-वृंदावन नगर निगम के वार्ड संख्या 36 के अंतर्गत आने वाली पुष्पा धाम कॉलोनी के निवासियों के लिए एक बड़ी और सुखद खबर है। क्षेत्रीय सांसद श्रीमती हेमा मालिनी ने कॉलोनी में 190.00 लाख रुपए की लागत से बनने वाले 982.00 मीटर लंबे सी-सी मार्ग, नाली एवं पुलिया निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
​यह विकास कार्य उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद की अवस्थापना निधि के अंतर्गत स्वीकृत कराया गया है।

​सांसद हेमा मालिनी ने इस कार्य की आधारशिला रखते हुए कहा कि यह परियोजना विशेष रूप से हमारे देश की सेवा करने वाले पूर्व सैनिक परिवारों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। बता दें कि इस क्षेत्र के निवासी पिछले कई वर्षों से पक्की सड़क और जल निकासी (नाली) की समुचित व्यवस्था न होने के कारण नरकीय जीवन जीने को मजबूर थे। सांसद के इस प्रयास से क्षेत्रीय नागरिकों और पूर्व सैनिकों के चेहरों पर खुशी लौट आई है और पूरे क्षेत्र में अत्यधिक प्रसन्नता का माहौल है।
​शिलान्यास समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि
​जनार्दन शर्मा (सांसद प्रतिनिधि) हरिशंकर राजू यादव (भाजपा जिलाध्यक्ष) लोकेश निषाद (मंडल अध्यक्ष) सुरेश निषाद (क्षेत्रीय पार्षद) ज्ञानेंद्र राणा (जिला महामंत्री)
​भानु प्रताप (वरिष्ठ नेता) के अलावा पूर्व सैनिक बनवारी लाल शर्मा एवं भंवर सिंह समेत सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता और भारी संख्या में स्थानीय जन उपस्थित रहे। सभी ने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए सांसद का आभार व्यक्त किया।