मथुरा में जुआघर पर पुलिस का बड़ा छापा: 20 गिरफ्तार, लाखों की नगदी बरामद
इंटर कॉलेज बना पार्किंग अड्डा डॉक्टर प्रशासन लिखी गाड़ियां बरामद, बस में भरकर लाए गए जुआरी
राया। थाना राया पुलिस ने बुधवार शाम नीमगांव क्षेत्र के गांव पीहरी में लंबे समय से संचालित जुआघर पर छापेमार कार्रवाई कर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से 20 जुआरियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 4 लाख 80 हजार रुपये की नगदी ताश की गड्डियां और 16 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
क्षेत्राधिकारी महावन स्वेता वर्मा के अनुसार गांव पीहरी में चंद्रपाल अपने मकान में जुआघर संचालित करा रहा था। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया।
टीम में कस्बा प्रभारी उज्ज्वल शर्मा और राजेश यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। घेराबंदी कर की गई कार्रवाई में गौर ओमप्रकाश राकेश श्रीफल रोविन जीतू आमीन अंग्रेज सिंह बबलू गोपाल संजय सोमेश हुबबलाल सोनू नीरज सुनील मुकेश अकबर उमेश और वैभव को गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी के दौरान मकान मालिक चंद्रपाल सहित तीन आरोपी मौके से फरार हो गए जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर कोर्ट के माध्यम से जेल भेज दिया गया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गांव विबावली स्थित एक इंटर कॉलेज परिसर से जुआ खेलने आए लोगों की 11 बाइक और 3 कार बरामद की। इन वाहनों पर डॉक्टर और प्रशासन लिखा हुआ था। जांच में सामने आया कि यहां वाहन खड़े करने के बदले पैसे लिए जाते थे। पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच में जुटी है।
जुआरियों की संख्या अधिक होने के कारण पुलिस को उन्हें लाने के लिए राया से मिनी बस मंगानी पड़ी। सभी गिरफ्तार आरोपियों को बस में भरकर थाना राया लाया गया। पकड़े गए जुआरी राया मथुरा गोवर्धन अलीगढ़ आगरा और वृंदावन सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए थे।