मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने रचा कीर्तिमान, राजस्व वसूली में प्रदेश में दूसरा स्थान
मथुरा। मथुरा-वृंदावन नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश के नगर निगमों में राजस्व वसूली के मामले में दूसरा स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि नगर आयुक्त जगप्रवेश के कुशल नेतृत्व और अधिकारियों-कर्मचारियों की लगातार मेहनत का परिणाम मानी जा रही है।
राजस्व लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए नगर निगम टीम ने इस वर्ष दिन-रात एक कर दिया। विशेष बात यह रही कि त्योहारों और रविवार जैसे अवकाश के दिनों में भी वसूली अभियान जारी रखा गया जिससे कर संग्रह में तेजी आई और लक्ष्य के करीब पहुंचा जा सका।

वसूली कार्य की निगरानी में भी कोई कमी नहीं छोड़ी गई। अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह तथा मुख्य कर निर्धारण अधिकारी नरेंद्र सिंह यादव द्वारा नगर के सभी 70 वार्डों में नियमित रूप से समीक्षा की गई। अधिकारियों की सक्रिय मॉनिटरिंग और जमीनी स्तर पर कर्मचारियों की मेहनत ने इस उपलब्धि को संभव बनाया।
नगर निगम के इस प्रदर्शन को शहरी प्रशासन के लिए एक मिसाल माना जा रहा है जिससे आने वाले समय में अन्य नगर निगमों को भी प्रेरणा मिलेगी। प्रदेश के 17 निगम में गोरखपुर नगर निगम पहले पायदान पर है जबकि अलीगढ़ अंतिम पायदान पर है।