दिल्ली-आगरा हाईवे पर रोडवेज बस ने टेंपो में मारी जोरदार टक्कर, एक दर्जन घायल

मथुरा।
मथुरा के थाना रिफाइनरी क्षेत्र में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बरारी के पास हरियाणा रोडवेज बस और टेंपो (ऑटो) के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में टेंपो में सवार करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए, जबकि ऑटो चालक रामसिंह निवासी गड़ाया, थाना फरह की हालत गंभीर बताई जा रही है। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सवारियां सड़क पर जा गिरीं।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।
बताया जा रहा है कि टेंपो थाना फरह क्षेत्र का था और सभी वाहन मथुरा की ओर जा रहे थे तभी यह हादसा हुआ। घायलों में कई की हालत नाजुक बनी हुई है, जिनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।