शेयर बाजार में डिविडेंड की धूम, दिग्गज कंपनियों ने खोली तिजोरियां
एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक सहित 8 प्रमुख कंपनियों ने की घोषणाएं
नई दिल्ली । शेयर बाजार में इस समय डिविडेंड सीजन अपने चरम पर है, जहां दिग्गज कंपनियों ने अपने निवेशकों को शानदार रिटर्न देने की तैयारी कर ली है। बैंकिंग, सूचना प्रौद्योगिकी और खुदरा जैसे प्रमुख क्षेत्रों की कई बड़ी कंपनियों ने अपने शेयरधारकों के लिए डिविडेंड की घोषणा की है। एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस और एचसीएल टेक जैसी प्रमुख कंपनियों के साथ, ट्रेंट, टाटा एल्क्सी, टाटा कम्युनिकेशंस और एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज ने भी अलग-अलग तरह के डिविडेंड का ऐलान किया है, जिससे निवेशकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। बाजार में डिविडेंड का मौसम निवेशकों के लिए खुशखबरी लेकर आया है। कई बड़ी कंपनियों ने अपने शेयरधारकों को मुनाफे में हिस्सेदारी देने का ऐलान किया है। देश के सबसे बड़े निजी बैंक एचडीएफसी ने 1 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर पर 13 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है। बैंक ने बताया कि पूरे साल के लिए कुल डिविडेंड 15.50 रुपये प्रति शेयर होगा। इस डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 19 जून 2026 तय की गई है। आईसीआईसीआई बैंक ने 2 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर पर 12 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान किया है, जो आगामी एजीएक में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद दिया जाएगा। इस डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट अभी घोषित नहीं की गई है।
वहीं आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने 1 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर पर 31 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है। कंपनी के अनुसार, यह डिविडेंड एजीएम में मंजूरी मिलने के बाद तीसरे दिन भुगतान किया जाएगा। इसकी रिकॉर्ड डेट जल्द ही घोषित होगी। एचसीएल टेक्नोलॉजीज ने वित्त वर्ष 2027 के लिए 2 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर पर 24 रुपये का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। इस डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट का ऐलान अभी बाकी है। टाटा समूह की खुदरा कंपनी ट्रेंट ने अपने निवेशकों के लिए 600 प्रतिशत डिविडेंड की सिफारिश की है, टाटा एल्क्सी ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर पर 75 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड देने की सिफारिश की है। टाटा कम्युनिकेशंस ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर पर 17.50 रुपये का फाइनल डिविडेंड घोषित किया है। एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज ने 2 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर पर 40 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है। इन सभी कंपनियों के डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट की घोषणा जल्द होने की उम्मीद है, जिससे निवेशक अपनी स्थिति का आकलन कर सकें।