मथुरा में थार गाड़ी से महिला को कुचलने की कोशिश में आरोपी युवक गिरफ्तार, गाड़ी जब्त

मथुरा। थाना हाईवे पुलिस ने महिला को जान से मारने की नीयत से थार गाड़ी से टक्कर मारने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाल रंग की Mahindra Thar (UP85BW5248) भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार 21 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए श्रीपतिपुरम कॉलोनी, बालाजीपुरम निवासी 19 वर्षीय आर्यन सिंह को उसके घर के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी थाना हाईवे में दर्ज मुकदमा संख्या 0353/2026 धारा 109(1) बीएनएस में वांछित था।
बताया गया कि 18 अप्रैल की शाम करीब 4:30 बजे चंदनवन चौराहे पर राघव कैफे के पास आरोपी ने वादी की पत्नी को थार गाड़ी से टक्कर मार दी थी। आरोप है कि टक्कर जान से मारने की नीयत से मारी गई जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।