मथुरा । वृंदावन स्थित केसी घाट के पास यमुना नदी में हुए नाव पलटने के दर्दनाक हादसे में लगातार राहत एवं बचाव कार्य जारी है। सोमवार सुबह दो और शव मिलने से मृतकों की संख्या 15 तक पहुंच गई है, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है।
10 अप्रैल 2024 को वृंदावन के केसी घाट के निकट यमुना नदी में नाव पलटने की दुखद घटना हुई थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने Emergency Response System के तहत तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया था। घटना के दिन ही 10 शव बरामद किए गए थे, जबकि 18 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था।
हादसे के बाद छह लोग लापता चल रहे थे, जिनकी तलाश लगातार की जा रही थी। बीते दिन 12 अप्रैल तक इनमें से तीन शव बरामद कर लिए गए थे। वहीं आज 13 अप्रैल की सुबह एक महिला का शव बंगाली घाट से और एक पुरुष का शव देवराहा बाबा आश्रम के पास से बरामद हुआ है।
प्रशासन द्वारा NDRF, SDRF और निजी गोताखोरों की टीमों को सात सेक्टरों में बांटकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बरामद किए गए शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल एक व्यक्ति अभी भी लापता है जिसकी तलाश के लिए ड्रोन, NDRF और SDRF की मदद से सर्च अभियान जारी है।