मथुरा। थाना गोवर्धन पुलिस ने केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन (हर घर जल योजना) में बड़े घोटाले का पर्दाफाश करते हुए 88 डीआई पाइप बरामद किए हैं। ये पाइप योजना के लिए निर्धारित होने के बावजूद कथित साजिश के तहत नगर पंचायत गोवर्धन के अन्य कार्यों में उपयोग किए जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, बुलंदशहर से मथुरा में टंकी निर्माण और पाइपलाइन बिछाने का कार्य मैसर्स एनसीसी-एपको (जेवी) इन्फ्राटेक कंपनी, लखनऊ को दिया गया था। इस कंपनी ने कार्य को स्थानीय ठेकेदारों—श्री साई कंस्ट्रक्शन (महिपाल पुत्र राजपाल, भरतपुर) और लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन (भरतपुर) को सौंपा था।
आरोप है कि इन ठेकेदारों ने योजना के लिए उपलब्ध कराए गए डीआई पाइपों को निर्धारित स्थल से हटाकर नगर पंचायत गोवर्धन के अन्य कार्यों में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। कंपनी के कर्मचारियों ने निरीक्षण के दौरान पाइपों की पहचान की, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए थाना गोवर्धन पुलिस ने मुकदमा संख्या 183/2026 धारा 316(5)/61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सकीतरा रोड स्थित एक अहाते से 72 पाइप बरामद किए, जबकि 16 पाइप जमीन से खुदाई कर निकाले गए। इस तरह कुल 88 पाइप बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
मामले में श्री साई कंस्ट्रक्शन, लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन और दुर्गपाल निवासी भरतपुर (राजस्थान) को नामजद करते हुए उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही संबंधित कंपनियों के पंजीकरण निरस्त करने और उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की रिपोर्ट भी भेजी जा रही है।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि ये पाइप किस गोदाम से और किस प्रकार धोखाधड़ी के तहत निकाले गए।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवत सिंह गुर्जर, उपनिरीक्षक मोहन लाल, उपनिरीक्षक गौरव शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.