मथुरा में भीषण आग से तीन मंजिला दुकान खाक लाखों का नुकसान

मथुरा। थाना कोतवाली क्षेत्र में चौबिया पाड़ा के समीप बुधवार तड़के करीब चार बजे एक तीन मंजिला दोना पत्तल और गिफ्ट आइटम की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के दुकानदार अपनी दुकानों से सामान निकालकर बाहर भागते नजर आए।

सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।

दुकान स्वामी नरेंद्र गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को बाजार बंद होने के कारण वह मंदिर दर्शन के लिए गए थे और रात करीब साढ़े बारह बजे लौटे थे। उस समय सब कुछ सामान्य था। सुबह पड़ोस में कचौड़ी बेचने वाले ने आकर बताया कि दुकान से धुआं निकल रहा है तब जाकर घटना की जानकारी हुई।

दुकान मालिक के अनुसार आग लगने के समय सभी बिजली के स्विच बंद थे। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

इस आगजनी में करीब 20 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा तफरी का माहौल बना रहा और लोग काफी देर तक दहशत में रहे।