गोकुल (मथुरा)। गोकुल के यमुना घाट का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो महिलाएं नाव पर एक अधेड़ व्यक्ति के साथ मारपीट करती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति पंडित के वेश में था। वायरल वीडियो में दो महिलाएं नाव पर एक व्यक्ति को पीटती दिखाई दे रही हैं जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ब्रज दर्शन के लिए आई कुछ महिला श्रद्धालुओं ने गोकुल में दर्शन कराने के लिए एक स्थानीय पंडा को साथ लिया था। आरोप है कि यमुना घाट पर पहुंचने के दौरान पंडा ने महिलाओं के साथ अभद्रता की, जिसके बाद महिलाओं ने विरोध करते हुए उसकी पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि स्थिति बिगड़ने पर उक्त व्यक्ति ने यमुना में कूदकर अपनी जान बचाई। मारपीट में एक महिला के कपड़े भी फट गए। हालांकि इस घटना की वास्तविकता और पूरा सच पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल संबंधित महिलाओं द्वारा थाने में लिखित तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और वीडियो के आधार पर तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।