जवाहर बाग में आज गूंजेगी डांडिया की खनक, ‘ब्रज डांडिया नाइट 2026’ में दिखेगा गुजरात से ब्रज तक का रंग

गरबा, डांडिया, नासिक ढोल और मेवाड़ के लोकनृत्य सजाएंगे सांस्कृतिक संध्या

मथुरा । जवाहर बाग ओपन थिएटर में रविवार शाम छह बजे ब्रज कला चौपाल संस्था की ओर से ‘ब्रज डांडिया नाइट 2026’ का आयोजन किया जाएगा। ‘गुजरात के रंग, ब्रज के संग’ थीम पर आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में गरबा-डांडिया की धुन, नासिक ढोल की गूंज और बॉलीवुड संगीत की मस्ती के बीच प्रतिभागी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में गुजरात, मेवाड़ और ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

ब्रज कला चौपाल की संस्थापिका नम्रता सिंह ने बताया कि आयोजन में गुजरात की परंपरा पर आधारित डाकला नृत्य, बॉलीवुड डांडिया गीत और मेवाड़ के पारंपरिक लोकनृत्य विशेष आकर्षण रहेंगे। इसके साथ ही मां काली और महिषासुर की कथा पर आधारित नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रसंगों को मंच पर जीवंत किया जाएगा। गरबा और डांडिया की रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ मनोरंजक खेल भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे।

रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागी नासिक ढोल की थाप पर डांडिया खेलते नजर आएंगे। आयोजन का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों की लोकसंस्कृति और परंपराओं को एक मंच पर लाकर सांस्कृतिक एकता एवं उत्सव की भावना को बढ़ावा देना है।