मथुरा। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र और स्मार्टफोन वितरित किए गए। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार मथुरा में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने इसे देखा।
सजीव प्रसारण के उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, एमएलसी ओम प्रकाश सिंह, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। साथ ही स्मार्टफोन वितरण और नवनिर्मित आंगनबाड़ी केन्द्रों का लोकार्पण भी किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने जनपद में गत वर्ष निर्मित 80 आंगनबाड़ी केन्द्रों का लोकार्पण किया। इसके अलावा छाता, नंदगांव, फरह और नौहझील में चार नए बाल विकास परियोजना कार्यालयों का शिलान्यास भी किया गया। साथ ही जनपद में स्वीकृत 3 आदर्श आंगनबाड़ी केन्द्रों का भी शिलान्यास हुआ, जिनमें से 2 केन्द्र बल्देव और 1 केन्द्र फरह क्षेत्र में स्थापित किए जाएंगे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा ने बताया कि जनपद में कुल 57 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 271 सहायिकाओं का चयन किया गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 12 कार्यकत्रियों और 12 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए, जबकि शेष का वितरण क्षेत्रीय कार्यक्रमों में किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान पूर्व में चयनित 24 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी स्मार्टफोन वितरित किए गए।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने निर्देश दिए कि सभी कार्यकत्रियां स्मार्टफोन के माध्यम से बच्चों और योजनाओं से संबंधित डाटा को समय से ऑनलाइन फीड करना सुनिश्चित करें, ताकि योजनाओं का लाभ पात्रों तक सही समय पर पहुंच सके।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.