IPL 2026: बेन डकेट ने अचानक नाम लिया वापस, दिल्ली कैपिटल्स को झटका
नई दिल्ली । आईपीएल 2026 से ठीक पहले इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन डकेट ने टूर्नामेंट से अपना नाम वापस लेकर क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले डकेट के इस फैसले से टीम को बड़ा झटका लगा है। खास बात यह है कि नियमों के तहत उन्हें अब अगले दो साल तक आईपीएल में खेलने पर प्रतिबंध का सामना करना पड़ेगा।
बेन डकेट ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि यह निर्णय लेना उनके लिए बेहद कठिन था। उन्होंने बताया कि वह इंग्लैंड के लिए आगामी सीजन में बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं और इसके लिए मानसिक व शारीरिक रूप से पूरी तरह फिट रहना जरूरी है।
हालिया एशेज सीरीज में डकेट का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। उन्होंने 10 पारियों में मात्र 202 रन बनाए, जिससे उनकी फॉर्म पर सवाल उठे थे। टीम के हेड कोच हेमंग बदानी पहले ही साफ कर चुके हैं कि केएल राहुल इस सीजन में ओपनिंग करेंगे। ऐसे में दूसरे ओपनर को लेकर टीम के पास कई विकल्प मौजूद हैं।
बीसीसीआई ने 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले सख्त नियम लागू किए थे, जिसके अनुसार अगर कोई खिलाड़ी बिना वैध कारण के सीजन से पहले नाम वापस लेता है, तो उसे आगामी दो सीजन तक प्रतिबंध झेलना पड़ता है।