मथुरा। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु गुरुवार शाम तीन दिवसीय दौरे पर मथुरा पहुंचीं। कैंट हेलीपैड पर उनका भव्य स्वागत किया गया, जिसके बाद वे कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल के बीच सड़क मार्ग से वृंदावन स्थित होटल रेडिसन के लिए रवाना हुईं।
राष्ट्रपति के आगमन के तुरंत बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश शुरू होने से सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों को भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा। महज 15 मिनट के भीतर मौसम बिगड़ने से प्रोटोकॉल में तैनात टीमों के सामने चुनौतियां खड़ी हो गईं।
इसके बावजूद प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए राष्ट्रपति के काफिले को सुरक्षित रूप से हेलीपैड से नए बस स्टैंड, भूतेश्वर मार्ग होते हुए वृंदावन पहुंचाया। खराब मौसम के बीच सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण बनाए रखना पुलिस और प्रशासन के लिए बड़ी परीक्षा साबित हुआ।
कैंट हेलीपैड पर राष्ट्रपति का स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, लेफ्टिनेंट जनरल वी. हरिहरन, एडीजी आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, ग्रुप कैप्टन शिवम मनचंदा, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं एसएसपी श्लोक कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया।
अचानक बदले मौसम के बावजूद प्रशासन ने स्थिति को संभालते हुए राष्ट्रपति के दौरे को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखा। पूरे शहर में हाई अलर्ट के बीच सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.